नशे के लिए पैसे मांगने पर मां ने डांटा:जहर खाने के मां-बेटे की हालत बिगड़ी, इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ा


मुजफ्फरनगर में सोमवार शाम मां-बेटे की मौत हो गई। करीब 50 वर्षीय अविवाहित जितेन्द्र शर्मा की नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर मां सुशीला शर्मा (80) से कहासुनी हुई थी। परिजनों के मुताबिक, मां की डांट के बाद जितेन्द्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद सुशीला ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पहले जितेन्द्र और फिर सुशीला की मौत हो गई। मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शांति नगर का है। नशे के लिए पैसे मांगने की बात सामने आई घटना सोमवार शाम करीब 5:45 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि जितेन्द्र अपनी मौसी से नशे के लिए पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे डांटा था। परिजनों के अनुसार, इसके बाद जितेन्द्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने के कुछ समय बाद सुशीला ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन दोनों की हालत गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान पहले जितेन्द्र और बाद में सुशीला की मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलने पर नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक, जितेन्द्र के छोटे भाई की पत्नी सुधा शर्मा भी मौके पर मौजूद थीं। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सीओ ने बताया कि दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल पुलिस के सामने परिजनों से पूछताछ में नशे के लिए पैसे मांगने और मां की डांट के बाद जहरीला पदार्थ खाने का घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *