![]()
KGMU में एस्मा जारी, हड़ताल पर लगी रोक।
KGMU में कर्मचारी परिषद के प्रस्तावित आंदोलन के बीच छह महीने के लिए हड़ताल पर रोक लगा दी गई है। कुलसचिव ने सोमवार को एस्मा के तहत आदेश जारी किया। इसमें लोक सेवा, राज्य सरकार के अधीन निगमों और स्थानीय प्राधिकरणों की सेवाओं में हड़ताल पर रोक लगाई गई है
.
दूसरी तरफ KGMU कर्मचारी परिषद ने मंगलवार को हड़ताल करने का ऐलान किया है। महामंत्री अनिल कुमार ने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे।
कुलसचिव ने आरोपों को खारिज किया
कुलसचिव अर्चना गहरवार ने कर्मचारी परिषद के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि चार्ज संभालने के बाद कर्मचारियों से जुड़े 2461 सेवा मामलों में कार्रवाई की गई है। 485 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया। 423 कर्मचारियों के एसीपी मामलों का निस्तारण हुआ। इसके अलावा 495 कर्मचारियों के जीपीएफ लोन के मामले निस्तारित किए गए। 908 मामलों में वेतन निर्धारण किया गया। 150 कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति संबंधी लाभ दिए गए।
परिषद के भंग होने का दावा
कुलसचिव ने कहा कि कर्मचारी परिषद 2024 में ही भंग हो चुकी है। परिषद की ओर से पत्रावली जारी करने पर भी रोक है। इसके बावजूद पत्र जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी अपर मुख्य सचिव अमित घोष को दी जाएगी। महामंत्री की नियुक्ति में गड़बड़ी के आरोपों की भी जांच चल रही है। वहीं, महामंत्री अनिल कुमार ने कहा कि कुलसचिव कर्मचारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही हैं। भर्ती में गड़बड़ी के आरोप बेबुनियाद हैं। वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने हक को लेकर पीछे नहीं हटेंगे और मंगलवार को हड़ताल करेंगे।