छात्रों ने नहर में कूदी महिला की जान बचाई:डीएम ने किया सम्मानित, राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजे जाएंगे नाम


महराजगंज के निचलौल इलाके में नहर में कूदी एक महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो छात्रों को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया है। सोमवार को डीएम ने अपने कार्यालय में दोनों छात्रों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान छात्रों के स्कूल के प्रिंसिपल को भी स्मृति चिन्ह दिया गया। सम्मानित होने वाले छात्रों में सेखुई, थाना चौक के कृष्णा गुप्ता और कोहड़वल, थाना निचलौल के सद्दाम हुसैन शामिल हैं। दोनों मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के छात्र हैं। दरअसल, निचलौल थाना क्षेत्र में पुलिस को एक महिला के नहर में कूदने की खबर मिली थी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद कृष्णा और सद्दाम ने महिला को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह न करते हुए नहर के तेज बहाव में छलांग लगा दी। दोनों छात्रों ने हिम्मत दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया डीएम ने दोनों छात्रों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल में फंसी महिला की मदद कर बड़ी हिम्मत, इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है। उनका यह काम बहुत तारीफ के काबिल और प्रेरणादायक है। ऐसे साहसिक काम समाज में इंसानियत को मजबूत करते हैं और युवाओं को मुश्किल हालात में बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देते हैं। डीएम ने यह भी कहा कि विद्यार्थियों में साहस, इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने दोनों छात्रों को समाज और देश की कीमती धरोहर बताया। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला सूचना अधिकारी को दोनों छात्रों के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए भेजने के संबंध में जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कृष्णा और सद्दाम का साहस निश्चित रूप से दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *