पुलिसकर्मियों पर छात्र से मारपीट का आरोप, छह पर FIR:अस्पताल से जबरन उठाकर ले गई पुलिस, बेटे पर लिख दिया फर्जी मुकदमा


लखनऊ में एडवोकेट अमर सिंह ने पुलिसकर्मियों समेत अन्य लोगों पर अपने बेटे दिव्यांश सिंह उर्फ अंशु से जानलेवा मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि 4-5 मई की रात पुलिस की वर्दी में कुछ लोगों और आदित्य सिंह व उसके साथियों ने उनके बेटे पर हमला किया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था। वहां पहुंची चिनहट पुलिस उसे जबरन उठाकर थाने ले गई और उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। बहराइच के भमभौरा निवासी एडवोकेट अमर सिंह के मुताबिक उनका बेटा दिव्यांश चिनहट की रघुनंदन आशियाना कॉलोनी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। साथ ही डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि 4-5 मई की रात पुलिस की वर्दी में कुछ लोगों और आदित्य सिंह व उसके साथियों ने उनके बेटे के मारपीट की। घटना के बाद कुछ लोग घायल दिव्यांश को इलाज के लिए लोहिया संस्थान लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान चिनहट पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिसकर्मी दिव्यांश को इलाज के बीच ही उठाकर थाने ले गए। पिता बोले- FIR दर्ज कराने के लिए लगाते रहे चक्कर अमर सिंह का आरोप है कि चिनहट थाने में आदित्य सिंह की तरफ से उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि दिव्यांश ने अपने साथ हुई मारपीट की एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस से काफी अनुरोध किया, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इतना ही नहीं, उसका इलाज भी पूरा नहीं कराया गया। बेटे के जेल जाने की जानकारी मिलने पर अमर सिंह बहराइच से लखनऊ पहुंचे। उनका कहना है कि कोर्ट में बेटे की हालत देखने के बाद उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन चिनहट पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। कई बार अधिकारियों से शिकायत के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन मिलता रहा। इसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त से मिलकर शिकायत की। पुलिस बोली- फायरिंग के मामले में वांछित था दिव्यांश चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले चिनहट क्षेत्र में फायरिंग हुई थी। इस दौरान एक गोली गायत्री देवी को लगी थी। मामले में दिव्यांश और अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास की FIR दर्ज की गई थी। दिव्यांश इसी मामले में वांछित था, इसलिए उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि अमर सिंह की तहरीर पर आदित्य सिंह, अमोल, अमर, दीपक और गायत्री देवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *