![]()
प्रयागराज में गैंगस्टर संग सिपाही की बर्थडे पार्टी का माफिया अतीक अहमद कनेक्शन सामने आया है। इसमें वह जिन लोगों संग पार्टी करता नजर आ रहा है, उनमें से एक की कार अतीक के बेटे उमर के काफिले में भी शामिल थी। प्रतापगढ़ पुलिस इस कार को बरामद कर मुकदमे में दाखिल भी कर चुकी है। यह कार रूदापुर के रहने वाले उस शख्स की है जो एसओजी में तैनात रहे सिपाही की बर्थडे पार्टी में एक अन्य पुलिसकर्मी व हिस्ट्रीशीटर के गुर्गे समेत अन्य लोगों के साथ नजर आया था। बता दें कि छह अगस्त को अतीक अहमद के सबसे छोटे अबान की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद आठ अगस्त को उसके बड़े भाई उमर को लखनऊ और अली को झांसी जेल से पैरोल पर प्रयागराज लाया गया था। लखनऊ से प्रयागराज तक दौड़ाई गई थीं गाड़ियां इस दौरान उमर की प्रिजन वैन के पीछे कई दर्जन गाड़ियां काफिले के शक्ल में लखनऊ से प्रयागराज तक दौड़ाई गई थीं। इनमें से कुछ कार में सवार लोगों ने प्रतापगढ़ के हथिगवां और प्रयागराज के नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर उपद्रव भी किया था। टोल बैरियर क्षतिग्रस्त करते हुए कर्मचारियों को कुचलने का प्रयास किया था। इस पर दोनों थानों में कुल 30 कारों में सवार अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रतापगढ पुलिस ने 13 अगस्त को बरामद की थी दोनों कारें इनमें से ही दो स्कॉर्पियो एन कारें 13 अगस्त को प्रतापगढ़ पुलिस प्रयागराज से बरामद कर ले गई थी जिनमें से एक करेली जबकि दूसरी रूदापुर निवासी एक शख्स की थीं। प्रतापगढ़ पुलिस दोनों कारों को अपने मुकदमे में दाखिल कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। रूदापुर निवासी जिस आरोपी की कार उमर के काफिले में शामिल हुईं, उस पर हत्या के दो और गैंगस्टर तक के मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामले में उस पर युवक की हत्या कर शव रायबरेली में फेंकने के आरोप में 2018 में मुकदमा दर्ज हुआ था। इन खुलासों के बाद अब सवाल यह उठ रहा है कि गैंगस्टर और हत्या जैसे मामलों के आरोपी, जिसका माफिया कनेक्शन भी है, के साथ सिपाही का क्या कनेक्शन है। उसके साथ वह पार्टी में शामिल कैसे हुआ, जबकि वह पहले से ही गंभीर अपराध के मामलों का आरोपी रह चुका था। यह है पूरा मामला प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने तीन सितंबर को जनपदीय समेत जिले की चारों एसओजी टीमें भंग कर दी गईं। इसके दो दिन बाद एक वीडियो सामने आया, जिसमें गंगानगर एसओजी में तैनात रहा एक सिपाही हिस्ट्रीशीटर के गुर्गे और हत्या व गैंगस्टर के एक मुल्जिम संग बर्थडे पार्टी करता नजर आया। इसमें पूर्व में एसओजी में तैनात रहा एक अन्य सिपाही भी नजर आता है, जिसका दूसरे जिले में तबादला हो चुका है। अफसरों ने बैठाई है जांच प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अफसरों की ओर से बताया गया कि वीडियो 2024 का है। यह भी बताया कि इसमें एक सिपाही मौजूदा समय में होलागढ़ में तैनात है जो पूर्व में एसओजी में तैनात रह चुका है। वीडियो के संबंध में सभी तथ्य की गहनता से जांच करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए जांच बैठाई गई है।
Source link
सिपाही की बर्थडे पार्टी का अतीक कनेक्शन:जिसके साथ केक काटता दिखा, उसकी कार माफिया के बेटे उमर के काफिले में थी शामिल