![]()
शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने नोएडा के एक व्यक्ति से 50.42 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने निवेश की रकम एक ऐप पर बढ़ती हुई दिखाई, जिससे पीड़ित को लगातार मुनाफा होने का भरोसा होता रहा। रकम निकालने की कोशिश की तो टैक्स के नाम पर और पैसे मांगे गए। इसके बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। सेक्टर-110 स्थित लोटस पनाश सोसाइटी निवासी ओमप्रकाश सैनी ने गुरुवार रात साइबर थाने में शिकायत दी। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल के मुताबिक, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के मुताबिक, 2 जुलाई को उन्हें सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन शेयर बाजार में निवेश से जुड़ी जानकारी मिली। इसके साथ एक लिंक भी था। लिंक पर क्लिक करने के कुछ देर बाद साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया। ठगों ने शेयर बाजार में निवेश से अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिया। उनकी बातों में आकर ओमप्रकाश ने ऑनलाइन निवेश शुरू कर दिया। 20 अगस्त तक अलग-अलग खातों में जमा कराए पैसे
शिकायत के मुताबिक, जुलाई से 20 अगस्त के बीच पीड़ित ने ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 50.42 लाख रुपये जमा किए। निवेश के बाद ऐप पर उनकी रकम बढ़ती हुई दिखाई जा रही थी। इससे उन्हें लगा कि उनके निवेश पर अच्छा रिटर्न मिल रहा है। जब उन्होंने ऐप में दिखाई जा रही रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स के नाम पर उनसे और पैसे जमा करने को कहा। पीएफ खाते से भी 50 हजार निकाले
सूरजपुर क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के पीएफ खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। मलकपुर गांव निवासी सुब्रत मंडल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 25 मई 2025 को पीएफ से पैसे निकालने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। 3 जून 2025 को पीएफ की रकम उनके बैंक खाते में पहुंची। आरोप है कि उसी रात अज्ञात बदमाशों ने ऑनलाइन माध्यम से उनके खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
Source link
शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 50.42 लाख ठगे:ऐप पर बढ़ती दिख रही थी रकम, निकालने लगा तो टैक्स मांगा; पीएफ खाते से भी 50 हजार उड़ाए