गोंडा में गैस सिलेंडर न मिलने पर मारपीट:इंडेन गैस एजेंसी पर कर्मचारियों को पीटा, सुरक्षा की मांग


गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में स्थित मनोकामना इंडेन गैस एजेंसी पर आज रविवार देर शाम मारपीट की घटना सामने आई है। जहां एलपीजी गैस सिलेंडर न मिलने पर कुछ लोगों ने एजेंसी के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद एजेंसी प्रबंधन ने पुलिस से सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।एजेंसी के प्रबंधक पंकज चंद्रा द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रविवार को गैस का लोड न आने के कारण वितरण कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा था। देर शाम जब कर्मचारी अन्य कार्यों में व्यस्त थे, तभी सार्थक मिश्रा नामक युवक अपने तीन अज्ञात साथियों और कुछ अन्य लोगों के साथ जबरन एजेंसी के भीतर घुस आया। आरोप है कि इन लोगों ने “मेरा गैस सिलेंडर दो” कहते हुए गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। जब कर्मचारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो वे उग्र हो गए। दबंगों ने कर्मचारी प्रिंस गोस्वामी की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया। बीच-बचाव करने आए प्रबंधक पंकज चंद्रा और अन्य कर्मचारी शुभम गोस्वामी को भी पीटा गया और उनके बाल नोचे गए। इस हमले के बाद एजेंसी के कर्मचारियों ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा है। प्रबंधक ने तहरीर में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि बिना सुरक्षा के भविष्य में गैस वितरण कार्य सुचारू रूप से करा पाना संभव नहीं होगा। कर्नलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर का संज्ञान लेकर कार्रवाई की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *