बल्केश्वर के जैन मंदिर में धार्मिक आयोजन:श्री सर्वतोभद्र जिनालय में भगवान आदिनाथ की आराधना


आगरा के न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित नवप्रतिष्ठित श्री सर्वतोभद्र जिनालय में बुधवार को मूलनायक अतिशयकारी भगवान आदिनाथ की पावन प्रतिमा पर भव्य छत्र समर्पण समारोह श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। जिनालय परिसर भगवान आदिनाथ के जयकारों और भक्तिमय संगीत से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान आदिनाथ समेत जिनालय में विराजमान सभी प्रतिमाओं के अभिषेक और शांतिधारा से हुई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। भक्तामर विधान में श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ इसके बाद भक्तामर विधान का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की। विधान की धार्मिक क्रियाएं पंडित नीरज जैन शास्त्री ने मंत्रोच्चार और विधि-विधान से संपन्न कराईं। इस दौरान श्रद्धालु जिनेंद्र भगवान की आराधना में लीन नजर आए। वातावरण भक्तिमय हो गया। छत्र समर्पण के साथ गूंजे भगवान आदिनाथ के जयकारे विधान के बाद वीरेंद्र जैन एवं निर्मल जैन मोठया परिवार ने भगवान आदिनाथ की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक छत्र समर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। शशि जैन पार्टी के भक्तिमय भजनों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। राजीव जैन, रजत जैन, पंकज जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु और जिनालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *