![]()
सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे शार्प शूटर सत्यम और आर्यन पर इनाम की राशि बढ़ाई जा सकती है। दोनों पर अभी एक-एक लाख रुपये का इनाम है, जिसे बढ़ाकर दो-दो लाख रुपये करने की तैयारी है। इसके लिए एडीजी ने डीजीपी को पत्र भेजा है। इस हत्याकांड में जेल में बंद आरोपियों की पेशी को लेकर भी कार्रवाई चल रही है। एएसपी सुमित ने बताया कि अदालत ने राकेश उर्फ पंपू की पेशी 10 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए कराने का आदेश दिया है। पंपू अभी करनाल जेल में बंद है। पुलिस उससे हत्याकांड में उसकी भूमिका और बाकी आरोपियों से उसके कनेक्शन के बारे में पूछताछ करना चाहती है। अंकित हत्याकांड से जुड़े कुछ सोशल मीडिया अकाउंट पुलिस और प्रशासन ने बंद करा दिए थे। इसके बावजूद ‘सत्यम केडी-4’ नाम की आईडी से लगातार वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। हाल ही में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर दो और लोगों की हत्या की धमकी दी गई है। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की साइबर टीम अलर्ट हो गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ये वीडियो किसने और कहां से अपलोड किए हैं। वीडियो में इस्तेमाल किए गए अकाउंट, मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस और दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। दो सोशल मीडिया अकाउंट पर मुकदमे पुलिस प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में दो अकाउंट के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बावजूद नए वीडियो सामने आने से पुलिस की चुनौती बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर धमकी देने या अफवाह फैलाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। साइबर टीम लगातार ऐसे अकाउंट की निगरानी कर रही है और वीडियो की सत्यता तथा उसे अपलोड करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। अंकित हत्याकांड के बाद लगातार सामने आ रही कथित धमकी भरी पोस्टों ने पुलिस की साइबर निगरानी को और बढ़ा दिया है। पुलिस का फोकस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई करने पर भी है।
Source link
अंकित हत्याकांड में फरार शार्प शूटर्स की धमकी:लिखा- दो मर्डर और होंगे, इनाम की रकम एक लाख से बढ़ाकर दो-दो लाख करने की तैयारी