![]()
हरदोई में यूकेलिप्टस का पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले में मां-बेटे समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।। शुरुआती लापरवाही के आरोप में बेनीगंज के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक कौशलेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। सीओ हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम ने मंगलवार देर शाम 7 बजे यह जानकारी दी। युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लीवर फटने से मौत की बात सामने आई थी। गिरफ्तार आरोपियों में सम्मोहन (पुत्र शत्रोहन), करन (पुत्र धीरू) और उसकी मां मीरा (पत्नी धीरू) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना 5 सितंबर की रात की है। हूंसेपुर निवासी सुशील (40) अपने मूंगफली के खेत की तरफ जा रहे थे। रास्ते में तीनों आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने सुशील पर यूकेलिप्टस का पेड़ काटने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की। जब सुशील ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायल सुशील को तुरंत अस्पताल ले गए। उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही थी। रविवार रात इलाज के दौरान सुशील की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद मृतक की पत्नी सुशीला ने कोतवाली में 7 सितम्बर को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया था। इस संबंध में सीओ हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source link
युवक की मौत के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार:हरदोई में इसी मामले में लापरवाही बरतने पर बेनीगंज इंस्पेक्टर निलंबित