Hardoi Road Accident | Police Constable Car Collides With Auto

अनुभव बाजपेयी | हरदोई4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

हरदोई के मढ़िया कसरावां के पास मंगलवार रात करीब 10:40 बजे ऑटो और कार की टक्कर हो गई। हादसे में सुरसा थाने में तैनात सिपाही वैभव त्रिपाठी समेत छह लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। कार का एयरबैग खुलने से सिपाही को गंभीर चोट नहीं आई। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

तीन दिन की छुट्टी लेकर घर जा रहे थे सिपाही

जानकारी के अनुसार, सिपाही वैभव त्रिपाठी तीन दिन की छुट्टी लेकर अपने घर फिरोजाबाद जा रहे थे। उन्हें ट्रेन पकड़नी थी। वह कार से हरदोई आ रहे थे। उनकी योजना कार को हरदोई में खड़ी कर ट्रेन से फिरोजाबाद जाने की थी। इसी दौरान मढ़िया कसरावां के पास कार की ऑटो से साइड से टक्कर हो गई।

ऑटो में सवार पांच लोग भी घायल

हादसे में ऑटो में सवार पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें बरहम थाना शाहाबाद निवासी विकास (27) पुत्र रामभरोंसे शामिल हैं। वह अपने ससुर इंद्रजीत के घर कुतुवापुर जा रहे थे।

कुतुवापुर निवासी अमन (22) पुत्र पुत्तन लाल फर्रुखाबाद में सोलर पैनल का काम करते हैं। वह हरदोई से ई-रिक्शा लेकर घर लौट रहे थे।

ऑटो में शिव शंकर (55) पुत्र रामभरोंसे और उनकी पत्नी रेशमा (52) भी सवार थीं। दोनों कटिया नर्सिंग होम से दवा लेकर अपने घर ढोलिया लौट रहे थे। हादसे में दोनों घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली शहर पुलिस मौके पर पहुंची। सुरसा थाना प्रभारी विश्वास शर्मा और एसआई रोशन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने सभी को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया।

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *