![]()
संतकबीरनगर में 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए मंगलवार को एक जागरूकता रैली निकाली गई। इसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उच्च न्यायालय मध्यस्थता एवं सुलह समझौता केंद्र ने मिलकर आयोजित किया था। पीडी लॉ कॉलेज खलीलाबाद के कानून के छात्र-छात्राओं ने इस रैली में हिस्सा लिया। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से निकली इस रैली को जनपद न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जिला न्यायालय परिसर से शुरू हुई। यह मेहदावल बाईपास चौराहा, गोला बाजार और बैंक चौराहा होते हुए जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद परिसर में जाकर खत्म हुई। रास्ते भर छात्र-छात्राओं ने लोगों को लोक अदालत के जरिए विवादों को जल्दी और आपसी सहमति से निपटाने के लिए जागरूक किया। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत सिर्फ एक अदालत नहीं, बल्कि न्याय का उत्सव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बैंक लोन, बिजली बिल, शादी से जुड़े विवाद, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना मुआवजा और मजदूरी से जुड़े विवाद जैसे मामलों को लोक अदालत के जरिए आपसी सहमति से निपटाएं। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का हल होता है और इसका फैसला आखिरी होता है। समय और पैसे की होती है बचत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या शाह ने बताया कि यह जागरूकता रैली लोक अदालत अभियान का पहला कदम है। लोक अदालत का मकसद लोगों को सस्ता, आसान और जल्दी न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अटके मामलों का आपसी सहमति से हल होने से समय और पैसे दोनों की बचत होती है। इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी और एडीजे पाक्सो कृष्ण कुमार पंचम, एडीजे गजेंद्र सिंह, एडीजे चंद्र मोहन श्रीवास्तव, एडीजे गैंगस्टर कोर्ट दिव्यानंद, सीजेएम चेतन त्यागी, सिविल जज सीनियर डिवीजन संजय राज पांडेय, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय श्रीवास्तव, जयशंकर प्रसाद यादव और पीएलवी बलदेव समेत कई लोग मौजूद थे।
Source link
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जागरुकता रैली रवाना:जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने हरी झंडी दिखाई, 12 सितंबर को लगेगी लोक अदालत