हमीरपुर में व्यापारी पर देर रात कई राउंड फायरिंग:कार का शीशा टूटा; चाऊमीन का ठेला लगाने वाले से हुआ था झगड़ा


हमीरपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एचडीएफसी बैंक के पास एक व्यापारी पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग कर दी गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फायरिंग के दौरान एक गोली कार के शीशे में लगने से वह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, पीड़ित पक्ष से तहरीर ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी आशीष साहू सोमवार रात करीब 11:20 बजे आकिल तिराहे से अपना चाउमिन का ठेला समेटकर वापस लौट रहा था। वह एचडीएफसी बैंक के पास स्थित अपनी गुमटी में सामान रख रहा था, तभी वहां मौजूद एक व्यापारी से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरा पक्ष शराब के नशे में था और उसने गुस्से में आकर तमंचे से कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आशीष साहू ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने अपने परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में उसका भतीजा अर्पित साहू मौके पर पहुंच गया। इसी दौरान चली एक गोली उसकी कार के शीशे में जा लगी, जिससे शीशा पूरी तरह टूट गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोलीबारी से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *