![]()
गोंडा के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह के नशामुक्त भारत को लेकर दिए बयान पर उनका समर्थन किया। कहा- अमित शाह बिना होमवर्क किए कोई बात नहीं बोलते। वे जो कहते हैं, पूरी जिम्मेदारी और सोच-समझकर कहते हैं। इसलिए अगर गृहमंत्री ने नशामुक्त भारत बनाने और नशे से प्रभावित लोगों को मुख्यधारा में जोड़ने की बात कही है तो निश्चित रूप से इसके पीछे पूरी तैयारी और योजना होगी। बृजभूषण ने कहा कि अमित शाह गंभीर नेता हैं और उन्होंने जो संकल्प लिया, उसे पूरा करके दिखाया है। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने से लेकर नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई तक इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने समयसीमा तय की थी और उस दिशा में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि इसी तरह नशे के खिलाफ भी प्रभावी तरीके से काम किया जा सकता है। आज बड़ी संख्या में लोग नशे की समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में नशामुक्त भारत के लिए अभियान चलाना बेहद जरूरी है। बृजभूषण ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि गृहमंत्री अमित शाह ने नशामुक्त भारत को लेकर जो लक्ष्य बताया है, उसके लिए उन्होंने पहले से ही पूरी तैयारी की होगी और इसी सोच के साथ यह बात कही है। सोमवार को अपने पैतृक आवास विश्नोहरपुर में बृजभूषण ने जनसुनवाई की। सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुई जनसुनवाई में गोंडा, देवीपाटन मंडल, बस्ती समेत अन्य जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। बृजभूषण ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
Source link
बृजभूषण बोले- अमित शाह बिना होमवर्क नहीं बोलते:गोंडा में कहा- अगर गृहमंत्री ने नशामुक्त भारत बनाने को कहा है तो करके दिखाएंगे