लखनऊ4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित NMBPL स्टेडियम रविवार को दही हांडी के रोमांच और कृष्ण भक्ति से सराबोर रहा। राधारमण समूह की ओर से दही हांडी और कान्हा उत्सव डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और प्रतिभागी कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही हांडी प्रतियोगिता रही। गोविंदा टीमों ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर शानदार मानवीय पिरामिड बनाए। हांडी फोड़ने के लिए टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। जैसे ही गोविंदाओं ने हांडी फोड़ी, पूरा स्टेडियम तालियों और कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।

भगवान कृष्ण की लीलाओं की प्रस्तुतियां दीं
कान्हा उत्सव डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भगवान कृष्ण की लीलाओं और भारतीय संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगी वेशभूषा, भक्ति गीत और आकर्षक नृत्य ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा माहौल कृष्णमय नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि REPL स्पोर्ट्स के सी. एम. डी प्रदीप मिश्रा रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और भारतीय संस्कृति, खेल भावना तथा युवा प्रतिभाओं को मंच देने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की।

लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देना, युवाओं की प्रतिभा को मंच देना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। राजाजीपुरम में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हुए इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजन को सफल बनाने में राधारमण समूह की आयोजन समिति, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
