शराब दुकान के सेल्समैन से 70 हजार की लूट:गोंडा में असलहे की बट से हमला, दो बाइकों पर आए थे नकाबपोश बदमाश


गोंडा-लखनऊ हाईवे पर लालपुर चंद्रभान के पास शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे एक लूट की घटना हुई है बदमाशों ने शराब दुकान के सेल्समैन से असलहे के बल पर मारपीट की और लगभग 70 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घायल सेल्समैन ने कोतवाली नगर पहुंचकर पुलिस को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लालपुर चंद्रभान से लेकर गोंडा अंबेडकर चौराहे तक लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। इससे कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है। करनैलगंज थाना क्षेत्र के बालपुर बाजार के रहने वाले अंकित गुप्ता रुद्रपुर बिसेन की कंपोजिट शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद करके अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ अंग्रेजी और देशी शराब की दुकान पर काम करने वाले साथी सेल्समैन शिव प्रकाश तिवारी भी थे। दोनों जब अंबेडकर चौराहे के पास पहुंचे और बालपुर बाजार की तरफ जा रहे थे, तभी लालपुर चंद्रभान के पास पीछे से दो बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाश आ गए। बदमाशों ने उन्हें घेरकर जबरन रोक लिया। जब अंकित गुप्ता ने विरोध किया, तो बदमाशों ने असलहे की बट से उन पर हमला कर दिया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने अंकित गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने दुकान की बिक्री के रखे लगभग 70 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। सीओ नगर योगेंद्र सिंह ने बताया कि तुरंत केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस लूट की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *