देवरिया में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त:3 एमओआईसी का वेतन रोकने के निर्देश, आशा को नोटिस और सीएचओ पर कार्रवाई


देवरिया में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शुक्रवार दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने भटनी, देसही देवरिया और तरकुलवा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों (एमओआईसी) का वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चार महीने से काम नहीं करने वाली आशाओं को नोटिस स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने चार महीने से कोई काम नहीं करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, आशा और एएनएम के भुगतान में लापरवाही मिलने पर डीपीएम और बीसीपीएम का वेतन रोकने को कहा। महीने में 20 दिन से कम काम करने वाले कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एमओआईसी की संस्तुति के आधार पर ऐसे सीएचओ का एक दिन का वेतन रोकने को कहा गया। डीएम ने अच्छा काम करने वाली प्रत्येक श्रेणी की तीन-तीन आशा और एएनएम को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के निर्देश भी दिए। टीकाकरण की कम प्रगति पर नाराजगी नियमित टीकाकरण की कम प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। मिशन इंद्रधनुष के तहत टीकाकरण से छूटे बच्चों की पहचान कर उन्हें टीका लगाने और ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। डीएम ने ग्राम पंचायत प्रशासकों को भी अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। 19 ग्राम पंचायतों में 9 सितंबर को लगेंगे स्वास्थ्य कैंप मातृ एवं शिशु मृत्यु के मामलों वाले जिले की 19 ग्राम पंचायतों में 9 सितंबर को स्वास्थ्य एवं जागरूकता कैंप लगाए जाएंगे। डीएम ने इन शिविरों में आशा, एएनएम और संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कैंप में बालिकाओं की एनीमिया जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की पहचान, नवजात और बच्चों के वजन की जांच तथा एमसीपी कार्ड का परीक्षण किया जाएगा। डीएम ने प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु की घटना का ऑडिट कराने और ऑडिट में सामने आने वाली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। डायलिसिस यूनिट एक सप्ताह में शिफ्ट करने के निर्देश बैठक में मेडिकल कॉलेज की डायलिसिस यूनिट को भी एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सभी योजनाओं की नियमित निगरानी करने और पात्र लोगों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने को कहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *