जौनपुर के कबुलपुर गांव का रास्ता बारिश से बंद:2 फीट पानी भरा, सड़न की दुर्गंध, लोग पगडंडियों से बाजार पहुंच रहे


जौनपुर के सिरकोनी ब्लॉक का कबुलपुर गांव, जिसे कभी स्वर्ण जयंती गांव के नाम से जाना जाता था, बारिश के कारण बंद हो गया है। कल्यानपुर बाजार से गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर करीब दो फीट तक पानी भर गया है। इससे लोगों को काफी घूमकर गांव पहुंचना पड़ रहा है। क्षेत्र की जल निकासी के लिए बने मुख्य नाले से गांव का कुछ हिस्सा अभी तक जुड़ नहीं पाया है। गांव में कुल तीन बड़े तालाब हैं। इनमें से दो की निकासी तो करा दी गई है, लेकिन अनिल कुमार गुप्ता के घर के पास वाले तीसरे तालाब की जल निकासी आज तक नहीं बनाई गई। कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से यह तालाब भर गया और ओवरफ्लो करने लगा। इसका पानी मुख्य सड़क पर फैल गया है। लोगों को जरूरी सामान खरीदने के लिए आवाजाही में परेशानी हो रही है। बीते तीन दिनों से पानी जमा होने के कारण अब सड़न की बदबू भी आने लगी है। रास्ता पूरी तरह पानी में डूब जाने के कारण ग्रामीण पगडंडियों के सहारे बाजार पहुंच रहे हैं। ग्राम प्रधान मुजम्मिल ने बताया कि ब्लॉक में इसकी जानकारी दे दी गई थी। सफाई कर्मियों ने जाम पाइपलाइन साफ कराई है, जिससे धीरे-धीरे पानी निकलना शुरू हो गया है। गांव निवासी कमर आरिफ खान, महफूज आलम, अर्सलान खान, पिन्टू और चांद बाबू ने बताया कि बारिश से पहले अगर साइफन पाइप डालकर पानी निकालने का इंतजाम कर लिया गया होता तो जलभराव नहीं होता। इस जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सत्यम श्रीवास्तव पिंटू ने कहा कि इस गांव को पहले स्वर्ण जयंती ग्राम का दर्जा मिला था, लेकिन अब जलभराव ने इसकी हालत खराब कर दी है। सड़क से लेकर स्कूल तक पानी में डूब गया है, जिससे विद्यालय भवन पर खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर गांव के तालाबों से पानी निकालने का इंतजाम तुरंत नहीं किया गया तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *