Sambhal Road Accident | Bike Riders Death CCTV Footage Investigation

सनी गुप्ता | संभल6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

संभल में घर लौट रहे बाइक सवार दो दोस्त गुरुवार रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। रजपुरा थाना क्षेत्र में गवां-हसनपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बड़े अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

गांव लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान विजेंद्र सैनी (18) पुत्र केवल, निवासी लहरारतू गांव के रूप में हुई है। उसका दोस्त मोनू सैनी, पुत्र अशोक, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है।

बताया गया कि विजेंद्र और मोनू बाइक से अमरोहा के हसनपुर से अपने गांव लहरारतू लौट रहे थे। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे गवां-हसनपुर मार्ग पर सिरसा गांव के पास पहुंचे। इसी दौरान गवां की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में तेज टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोनू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही रजपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस 108 की मदद से दोनों को रजपुरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोनू की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। विजेंद्र की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि घायल मोनू को उपचार के लिए बड़े अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक विजेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *