![]()
कौशांबी में जन्माष्टमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जिले के छोटे-बड़े मंदिरों के साथ ही पुलिस लाइन और बजहां मंदिर में लगने वाले मेले की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। संदीपनघाट क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहां गांव में 51 साल पुराने मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार को यहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और संगीत कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही एक बड़े मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन में कौशांबी के अलावा आसपास के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। जानकारी के अनुसार, जिले के इस बड़े मंदिर का निर्माण साल 1975 में क्षेत्र के ही रामशिरोमणि मिश्रा ने कराया था। मंदिर बनने के बाद से ही यहां हर साल कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। जन्माष्टमी के दिन मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन और संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा लगने वाले बड़े मेले में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचते हैं। इस आयोजन की खास बात यह है कि जन्माष्टमी के मेले में केवल कौशांबी ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य जिलों से भी लोग आते हैं। श्रद्धालु मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजन करने के साथ मेले का भी आनंद लेते हैं। देर रात तक मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम होते हैं और श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। चूंकि मंदिर के संस्थापक रामशिरोमणि मिश्रा अब बुजुर्ग हो गए हैं, उनकी उम्र को देखते हुए उनके बेटे महावीर प्रसाद मिश्रा ने करीब पांच साल पहले मंदिर और जन्माष्टमी के पूरे आयोजन की जिम्मेदारी संभाल ली है। तब से वह मंदिर की व्यवस्था के साथ ही हर साल जन्माष्टमी पर होने वाले धार्मिक कार्यक्रम और मेले का आयोजन करा रहे हैं। जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर उन्होंने दैनिक भास्कर से बात करते हुए बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर में होने वाले भव्य कार्यक्रम को लेकर आसपास के लोगों में काफी उत्साह है। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होंगे।
Source link
51 साल पुराने बजहां मंदिर में कल जन्मेंगे कान्हा:सजेगा भव्य दरबार, जन्माष्टमी पर लगेगा विशाल मेला; तैयारियां पूरी