![]()
मुजफ्फरनगर के गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का दावा है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। वहीं अस्पताल के डॉक्टर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और बिस्तर पर लिटाते ही उसकी हृदय गति रुक गई। मामला महावीर चौक स्थित हर्ष मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल का है। सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल लाए थे मृतका की पहचान करीब 60 वर्षीय शीला निवासी न्यामू के रूप में हुई है। उनके भतीजे अमित कुमार के अनुसार, शीला को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद परिजन उन्हें गुरुवार सुबह हर्ष मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी की फीस जमा कराने के बावजूद डॉक्टर को आने में देरी हुई। उनका यह भी कहना है कि अस्पताल में बेड खाली नहीं होने के कारण मरीज को कुछ समय इंतजार करना पड़ा। सिरिंज को लेकर भी परिजनों ने लगाए आरोप अमित कुमार ने आरोप लगाया कि उपचार के दौरान सिरिंज से संबंधित समस्या सामने आने के बावजूद मरीज की नस नहीं बदली गई। परिजनों का कहना है कि इलाज में कथित लापरवाही के कारण महिला की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। उनका आरोप है कि इलाज को लेकर सवाल उठाने पर अस्पताल स्टाफ ने उनके साथ मारपीट की। डॉक्टर बोले- बेहद गंभीर हालत में आई थीं महिला अस्पताल के डॉक्टर अजय गुप्ता ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने बताया कि करीब 60 वर्षीय शीला को अस्पताल में अत्यंत गंभीर अवस्था में लाया गया था। डॉक्टर के अनुसार, उनका ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन स्तर बेहद कम था। मरीज की गंभीर स्थिति के बारे में परिजनों को जानकारी देने के बाद उन्हें भर्ती किया गया। डॉ. अजय गुप्ता के मुताबिक, मरीज को बिस्तर पर लिटाते ही उनकी हृदय गति रुक गई। उन्होंने दावा किया कि स्थिति इतनी गंभीर थी कि कैनुला लगाने तक का समय नहीं मिल सका। अस्पताल ने भी तीमारदारों पर लगाया अभद्रता का आरोप मारपीट के आरोपों पर डॉक्टर अजय गुप्ता ने कहा कि अस्पताल स्टाफ ने किसी तीमारदार के साथ मारपीट नहीं की। उनका आरोप है कि मरीज के साथ आए कुछ लोगों ने अस्पताल स्टाफ के साथ अभद्रता और हाथापाई की। पुलिस मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल महिला की मौत और अस्पताल परिसर में हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
मुजफ्फरनगर में महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा:इलाज में लापरवाही और मारपीट का आरोप, डॉक्टर बोले- बेहद गंभीर हालत में लाई गई थी मरीज