![]()
गोरखपुर नगर निगम में गुरुवार को मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने संपत्ति कर की एकमुश्त समाधान योजना (OTS) को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम की ओर से 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक OTS योजना लागू की गई है। इसका उद्देश्य पुराने संपत्ति कर बकाये का आसानी से निस्तारण कराना और नागरिकों को ब्याज में राहत देना है। पुराने बकाये के ब्याज पर पूरी छूट
OTS योजना के तहत पात्र बकायेदारों को पुराने संपत्ति कर पर लगे ब्याज और अधिभार में पूरी छूट मिलेगी। बकायेदार अपनी सुविधा के अनुसार पूरा भुगतान एक साथ कर सकते हैं या अधिकतम तीन किस्तों में बकाया जमा कर सकते हैं।
किस्तों का भुगतान निर्धारित समय के भीतर करना जरूरी होगा। बकाये की कुल राशि का एक-तिहाई हिस्सा योजना लागू होने के 30 दिन के भीतर जमा करना होगा। बाकी दो-तिहाई राशि मासिक किस्तों में जमा की जा सकेगी। 15 सितंबर तक वर्तमान टैक्स पर भी छूट
नगर निगम ने वर्तमान संपत्ति कर जमा करने पर मिलने वाली छूट की अवधि भी बढ़ा दी है। पहले यह छूट 31 अगस्त तक थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 सितंबर कर दिया गया है।
वर्तमान संपत्ति कर ऑनलाइन जमा करने पर 12 प्रतिशत और ऑफलाइन भुगतान करने पर 8 प्रतिशत की छूट मिलेगी। 14 नवंबर तक कर सकेंगे OTS के लिए आवेदन
OTS योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर 2026 है। नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। हालांकि बकाये का पूरा भुगतान अधिकतम तीन महीने की अवधि में करना अनिवार्य होगा।
निर्धारित समय में किस्त या पूरी राशि जमा नहीं करने पर OTS आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद 15 दिसंबर के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से भुगतान
नागरिक नगर निगम के ऑनलाइन पोर्टल के अलावा डिमांड बिल पर दिए गए QR कोड, चैटबॉट और BBPS के जरिए भी भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा सभी जोनल कार्यालयों और नगर निगम मुख्यालय के काउंटरों पर भुगतान की सुविधा है।
डोर-टू-डोर वसूलीकर्ताओं के माध्यम से भी भुगतान किया जा सकता है। नकद, ऑनलाइन भुगतान, नेट बैंकिंग, चेक और डिमांड ड्राफ्ट समेत अन्य निर्धारित माध्यमों से राशि जमा की जा सकेगी।
अब तक 802 लोगों ने किया आवेदन
नगर निगम के अनुसार OTS योजना के तहत अब तक 802 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 625 नागरिकों ने पूरा भुगतान करने का विकल्प चुना है, जबकि 177 ने किस्तों में भुगतान का विकल्प चुना है।
अब तक 87 नागरिकों ने पूरा भुगतान कर दिया है, जबकि दो नागरिकों ने पहली किस्त जमा की है। नगर निगम ने अब तक 36.43 लाख रुपये की वसूली की है और नागरिकों को 10.32 लाख रुपये की छूट दी गई है।
बड़े बकायेदारों से भी किया जा रहा संपर्क
नगर निगम ने बड़े बकायेदारों के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। एक लाख से पांच लाख, पांच लाख से दस लाख और दस लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों से व्यक्तिगत संपर्क किया जा रहा है।
अधिकारियों और वसूलीकर्ताओं की ओर से इन बकायेदारों को पत्र भेजकर OTS योजना की जानकारी दी जा रही है और बकाया जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
वार्डों में लगाए जा रहे OTS कैंप
योजना को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम की टीमें घर-घर संपर्क कर रही हैं। विभिन्न वार्डों में OTS कैंप लगाए जा रहे हैं। जोनल कार्यालयों और नगर निगम मुख्यालय में विशेष काउंटर भी बनाए गए हैं।
इसके अलावा समाचार पत्र, होर्डिंग, डिजिटल स्क्रीन, कचरा संग्रहण गाड़ियों, एफएम रेडियो और नगर निगम के डिजिटल माध्यमों से योजना का प्रचार किया जा रहा है। पार्षदों को भी योजना की जानकारी दी गई है, ताकि वे अपने वार्ड के लोगों को इसके बारे में बता सकें।
Source link
नगर निगम की OTS योजना में ब्याज पूरी तरह माफ:नगर निगम ने वसूले 36.43 लाख; बड़े बकायेदारों पर भी नजर