![]()
सुलतानपुर में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था और कायाकल्प योजना के दावों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बुधवार को मोतिगरपुर ब्लॉक के लामा बनकटा (नोनरा) स्थित प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की स्थिति का वीडियो जारी कर शिक्षा विभाग और भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। वंशराज दुबे ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय लामा बनकटा की अपनी कोई स्थायी इमारत नहीं है। स्कूल आंगनबाड़ी केंद्र के टूटे-फूटे और अधूरे भवन में संचालित हो रहा है। यहां बच्चों के लिए बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यू-डाइस पोर्टल पर स्कूल में शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाएं चालू दिखाई जा रही हैं, जबकि मौके पर न शौचालय है और न ही सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल। स्कूल परिसर के ठीक बगल में खुला और असुरक्षित कुआं भी है, जो छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। भवन की व्यवस्था नहीं होने के कारण शिक्षक बच्चों को कभी नीम के पेड़ के नीचे तो कभी खराब हालत वाले आंगनबाड़ी कक्ष में बैठाकर पढ़ाने को मजबूर हैं। आप प्रवक्ता ने कहा कि यह स्थिति सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों पर सवाल खड़े करती है। प्राथमिक शिक्षा की स्थिति में सुधार न होने पर धरना होगा वंशराज दुबे ने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में आलीशान कार्यालय बना रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के बच्चे बिना स्कूल भवन और मूलभूत सुविधाओं के पढ़ने को मजबूर हैं। उन्होंने सुलतानपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि अधिकारी कार्यालयों में बैठकर आदेश जारी करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्कूलों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते। वंशराज दुबे ने चेतावनी दी कि यदि प्राथमिक शिक्षा की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ और स्कूल को अपनी इमारत के साथ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो पार्टी सरकार और प्रशासन से सड़क से लेकर उच्च स्तर तक सवाल उठाएगी।
Source link
आंगनबाड़ी केंद्र के टूटे-फूटे अधूरे भवन में चल रहा स्कूल:सुलतानपुर में आप प्रवक्ता ने उठाई आवाज, कहा- अपने कार्यालय आलीशान बना रही