![]()
हरदोई में साइबर ठग अब सरकारी विभागों में तैनात अधिकारियों को भी निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हरदोई के मेडिकल कॉलेज से सामने आया है। यहां कार्यरत चीफ फार्मासिस्ट सर्वेंद्र सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके मोबाइल पर न तो कोई संदिग्ध कॉल आया और न ही कोई ओटीपी, फिर भी उनके बैंक खाते से 13 बार में कुल 2 लाख 3 हजार 900 रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में चीफ फार्मासिस्ट ने बुधवार की सुबह 11:30 बजे जानकारी दी है। पीड़ित चीफ फार्मासिस्ट सर्वेंद्र सिंह मूल रूप से माधौगंज थाना क्षेत्र के डकौली के रहने वाले हैं। वह फिलहाल मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बैंक खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है। 31 अगस्त की सुबह करीब 11:15 बजे जब वह मेडिकल कॉलेज में अपनी ड्यूटी पर थे, तभी उनके मोबाइल पर खाते से रुपये कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। कुछ ही देर में 13 बार में 42,000 रुपये, 52,000 रुपये, 10,000 रुपये और 9,999 रुपये जैसी अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 3 हजार 900 रुपये उड़ा लिए गए। इस अचानक हुई ठगी से सर्वेंद्र सिंह हैरान रह गए, क्योंकि न तो उन्होंने और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य ने कोई चेक या ऑनलाइन लेनदेन किया था। उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने माधौगंज थाने में भी लिखित शिकायत दी है। पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है और रकम वापस दिलाने की कोशिश में जुटी है।
Source link
बिना OTP चीफ फार्मासिस्ट के खाते से 2.03 लाख पार:हरदोई में 13 बार में उड़ाए गए रुपये, मैसेज आने पर पता चला