पीएसी तीरंदाजी प्रतियोगिता, प्रयागराज वाहिनी ने जीता टीम चैंपियनशिप:वाराणसी उपविजेता, जयदीप कुशवाहा सर्वश्रेष्ठ तीरंदाज घोषित


कानपुर में 13वीं अंतर वाहिनी पीएसी पूर्वी जोन आर्चरी (तीरंदाजी) प्रतियोगिता-2026 का समापन शुक्रवार को कानपुर के श्यामनगर स्थित 37वीं वाहिनी पीएसी के परेड ग्राउंड में हुआ। इस प्रतियोगिता में 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज ने टीम चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी उपविजेता रही। 04वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज के मुख्य आरक्षी जयदीप कुशवाहा को सर्वश्रेष्ठ तीरंदाज घोषित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सेनानायक बी.बी. चौरसिया रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में शिविरपाल चंद्रेश्वर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद, मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागी टीमों के मैनेजरों से औपचारिक परिचय प्राप्त किया। व्यक्तिगत स्पर्धा (30 मीटर) में मुख्य आरक्षी जयदीप कुशवाहा (04वीं वाहिनी प्रयागराज) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आरक्षी भरत कुमार (33वीं वाहिनी झांसी) दूसरे और आरक्षी आयुष गौड़ (34वीं वाहिनी वाराणसी) तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह, व्यक्तिगत स्पर्धा (50 मीटर) में भी मुख्य आरक्षी जयदीप कुशवाहा ने प्रथम स्थान हासिल किया। आरक्षी अरविंद कुमार (04वीं वाहिनी प्रयागराज) को दूसरा और आरक्षी दीपांकर कुमार (34वीं वाहिनी वाराणसी) को तीसरा स्थान मिला। मुख्य अतिथि बी.बी. चौरसिया ने सभी विजेताओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। मंच से प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सेनानायक चौरसिया ने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल हमें टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य रखना सिखाते हैं। इस अवसर पर सीसी ब्रजकिशोर शाहू, आरटीसी प्रभारी सीसी मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार सैन्य सहायक सुरेंद्र सिंह, पीसी अरविंद शुक्ला, पीसी विजय पाल, पीसी अंकुर दुबे सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *