![]()
मथुरा में छाता शुगर मिल से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे धरना स्थल पर सोमवार की देर रात तनाव बढ़ गया। धरना स्थल पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति हो गई जब अनशनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद मौके का माहौल गरमा गया और देखते ही देखते धरना स्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। अनशन दे रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने धरना खत्म करने के लिए लाठी चलाई। शुगर मिल शुरू कराने को लेकर चल रहा प्रदर्शन बंद पड़ी छाता शुगर मिल को शुरू कराने के लिए पिछले 15 दिन से अनशन और धरना चल रहा है। अनशनकारी अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के सामने लगातार आवाज उठा रहे हैं। सोमवार की देर रात धरना स्थल पर पहुंची पुलिस और अनशनकारियों के बीच बातचीत के दौरान किसी मुद्दे पर मतभेद बढ़ गया। देखते ही देखते बातचीत तीखी बहस में बदल गई। इसके बाद धरना स्थल पर मौजूद लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। बहस की जानकारी अनशन दे रहे लोगों ने सोशल मीडिया और फोन कॉल के जरिए इलाके के लोगों तक पहुंचाई। जिसके बाद आसपास के लोग धीरे-धीरे बड़ी संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने लगे। इससे मौके पर स्थिति और संवेदनशील हो गई। धरना स्थल पर मौजूद लोगों के बीच प्रशासन के खिलाफ नाराजगी दिखाई दी। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति को नियंत्रित रखने के प्रयास में जुटे नजर आए। सोशल मीडिया के जरिए कर रहे अनशनकारी लोगों से पहुंचने की अपील इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो में फेसबुक लाइव के माध्यम से लोगों से धरना स्थल पर पहुंचने की अपील की जा रही है। वायरल वीडियो के बाद लोगों में इस मामले को लेकर और अधिक चर्चा शुरू हो गई है। वायरल वीडियो में एक युवक पुलिस पर लाठी चलाने का भी आरोप लगा रहा है। मौके पर तनावपूर्ण शांति धरना स्थल पर बढ़ती भीड़ और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को देखते हुए प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है। अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। मौके पर मौजूद लोगों से भी संयम बनाए रखने की अपील किए जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले घंटों में प्रशासन और अनशनकारियों के बीच क्या बातचीत होती है और छाता शुगर मिल से जुड़े विवाद का क्या समाधान निकलता है।
Source link
मथुरा में शुगर मिल पर तनाव:अनशनकारियों और प्रशासन के बीच तीखी बहस के बाद बढ़ी भीड़, पुलिस पर लगाया लाठीचार्ज करने का आरोप