![]()
मैनपुरी के कुरावली क्षेत्र के जुन्हैसा गांव में 10 अगस्त को हुई वीरपाल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस पर आरोपी को थाने लाकर छोड़ने का आरोप लगाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मृतक के भाई राम निवास ने मुख्यमंत्री को एक्स पर पोस्ट कर मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं, कुरावली इंस्पेक्टर ललित भाटी ने आरोपों को निराधार बताते हुए पुलिस की जांच और अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी है। जुन्हैसा निवासी 50 वर्षीय वीरपाल सिंह की 10 अगस्त को सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामला जमीन की रंजिश से जुड़ा बताया गया है। मृतक के बेटे अश्विनी ने पुलिस को दी तहरीर में पवन शाक्य पर साथियों के साथ मिलकर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच के बाद पवन शाक्य समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बाद में मृतक के बेटे के प्रार्थनापत्र के आधार पर बच्चन सिंह, कमल सिंह और युधिष्ठिर के नाम भी मुकदमे में शामिल किए गए। भाई ने वीडियो में लगाए गंभीर आरोप शनिवार को वायरल हुए वीडियो में मृतक के भाई राम निवास पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस हत्या के एक आरोपी को थाने लेकर आई और रुपये लेकर उसे छोड़ दिया। राम निवास ने मुख्यमंत्री से मामले में न्याय की मांग की। उन्होंने वीडियो में धमकी मिलने की बात भी कही और कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट के माध्यम से भी कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर बोले- थाने में बाकायदा दर्ज है एंट्री पुलिस पर लगे आरोपों को कुरावली इंस्पेक्टर ललित भाटी ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि बच्चन सिंह को थाने पर लाया गया था और उसकी बाकायदा थाने में एंट्री दर्ज की गई है। थाने पर उससे पूछताछ भी की गई थी। इंस्पेक्टर ने कहा कि हत्या का मामला होने के कारण पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है। कई लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया जा रहा है और जांच का दायरा आगे बढ़ने के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई ललित भाटी के अनुसार, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Source link
वीरपाल हत्याकांड में आरोपी को थाने लाकर छोड़ने का आरोप:मृतक के भाई का वीडियो वायरल, CM से लगाई न्याय की गुहार; इंस्पेक्टर बोले- आरोप निराधार