अग्निवीर भर्ती में 790 अभ्यर्थियों ने पास की दौड़:गौतमबुद्धनगर और मेरठ के 1250 युवाओं को बुलाया था, 1080 पहुंचे


सहारनपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में रविवार को गौतमबुद्धनगर और मेरठ जिले के अभ्यर्थियों ने सेना में भर्ती होने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। भर्ती प्रक्रिया में गौतमबुद्धनगर जनपद की दादरी, गौतमबुद्धनगर और जेवर तहसील तथा मेरठ जनपद की मेरठ तहसील के अभ्यर्थी शामिल हुए। रविवार की भर्ती के लिए कुल 1,250 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 1,080 अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंचे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई। इसमें सबसे पहले अभ्यर्थियों की रनिंग परीक्षा कराई गई। सेना में भर्ती होने का सपना लेकर पहुंचे युवाओं ने दौड़ में अपना दमखम दिखाया। रनिंग परीक्षा में 790 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। रनिंग में सफल अभ्यर्थियों की आगे की शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया जारी रही। सुबह से स्टेडियम में जुटने लगे अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी सुबह से ही स्टेडियम के आसपास पहुंचने लगे थे। दस्तावेजों की जांच और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के बाद अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए भेजा गया। रनिंग के दौरान अभ्यर्थियों ने निर्धारित मानकों को पूरा करने के लिए पूरी क्षमता के साथ दौड़ लगाई। दौड़ पूरी करने के बाद सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए भेजा गया। 13 जिलों के युवाओं की हो रही भर्ती सहारनपुर में सेना भर्ती कार्यालय मेरठ के अंतर्गत आने वाले जिलों के अभ्यर्थियों की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। भर्ती रैली 17 अगस्त से 9 सितंबर तक डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में प्रस्तावित है। अलग-अलग जिलों और तहसीलों के अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख के अनुसार बुलाया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में युवा सेना में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। आगे इन अभ्यर्थियों की होगी भर्ती 31 अगस्त: मेरठ जिले की सरधना और मवाना तहसील के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 1 सितंबर: सहारनपुर जिले की बेहट, सहारनपुर, नकुड़, देवबंद और रामपुर मनिहारान तहसीलों के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। इसके बाद अग्निवीर की अलग-अलग श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख और समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *