Sultanpur Firing Case | Vipin Singh Critical in Lucknow Trauma Center

सुल्तानपुर9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सुल्तानपुर में रक्षाबंधन के दिन घर लौटे एक युवक को देर रात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी। घटना शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे हुई, जिसमें 40 वर्षीय विपिन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह वारदात ढेमा चौराहे स्थित विपिन सिंह के घर के बाहर हुई। तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। विपिन के बाएं सीने में तीन गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल विपिन को पहले सीएचसी मोतिगरपुर ले जाया गया, जहां से उन्हें सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम है। मुड़हा निवासी शिवम सिंह और इंद्रसेन सिंह के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। घायल विपिन सिंह, इंद्रसेन सिंह के पुत्र हैं।

विपिन के चाचा दान बहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विपिन घर के सामने खड़े थे, तभी बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटनास्थल से पुलिस ने चार खाली कारतूस बरामद किए हैं। चाचा की तहरीर पर पुलिस ने शिवम सिंह और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।

अपराध निरीक्षक चंद्रभान वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विपिन मध्य प्रदेश में कोयला खदान में निजी काम करते हैं और रक्षाबंधन पर ही घर लौटे थे। इस वारदात से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।अधिकारियों के अनुसार, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *