![]()
रायबरेली जिले में एक दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश ने नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। मुंशीगंज स्थित एम्स परिसर के ठीक सामने डलमऊ-मुंशीगंज मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे आम जनता और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एम्स के मुख्य द्वार के सामने जलभराव के कारण एम्बुलेंस, मरीजों और रोजाना गुजरने वाले हजारों यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति अस्पताल पहुंचने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण है।स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का आरोप है कि सड़क किनारे नालियों का निर्माण तो करवाया गया है, लेकिन उनकी समय पर सफाई न होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया है। उनका कहना है कि यह समस्या हर साल बारिश के मौसम में सामने आती है।सड़कों पर भरे गंदे पानी के बीच बड़े-बड़े गड्ढे छिप गए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है। कई छोटे-मोटे हादसे भी सामने आ चुके हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जल निकासी की इस पुरानी समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द से जल्द जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने और मार्ग की सुधि लेने की पुरजोर मांग की है।
Source link
रायबरेली में भारी बारिश से जलभराव:एम्स के सामने सड़क बनी झील, राहगीर परेशान