![]()
सहारनपुर के देवबंद थाना पुलिस की गुरुवार रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। सीओ देवबंद अमित सिंह ने बताया कि 27 अगस्त की रात देवबंद-बड़गांव रोड पर ग्राम लबकरी के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देवबंद की ओर से एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक लेकर बड़गांव की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। बदमाश झबीरन की ओर जाने वाले रास्ते पर भागने लगे। कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद दोनों बदमाश पास के गन्ने के खेत में बनी ट्यूबवैल और पॉपुलर के पेड़ों की आड़ में छिप गए। पुलिस के नजदीक पहुंचने पर उन्होंने दोबारा फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान खालिद पुत्र बाबू निवासी बझेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर, हाल निवासी फौलादपुर, देवबंद के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, खालिद थाना देवबंद में दर्ज मुकदमे ने फरारा था। उसके खिलाफ गोवध अधिनियम में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस ने आसपास के जंगल और खेतों में कॉम्बिंग की। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार खालिद शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के अलग-अलग थानों में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और गोकशी जैसे गंभीर अपराधों के करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और फरार साथी के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Source link
सहारनपुर में गोकशों से पुलिस की मुठभेड़…एक फरार:देवबंद में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने चलाई गोली, काउंटर फायरिंग में एक घायल