![]()
रामपुर में गुरुवार शाम करीब 7 बजे हेड कांस्टेबल का शव फंदे से लटका मिला। हेड कांस्टेबल किराए के मकान की दूसरी मंजिल पर रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अरुण शुक्ला गंगापुर स्थित एक किराए के मकान में अकेले रहते थे। घटना के समय मकान में उनके अलावा कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उनका शव फंदे से लटका मिला। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष थी। वह 2005 बैच के पुलिसकर्मी थे और उनकी भर्ती बदायूं जिले से हुई थी। मूल रूप से वह शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के नारायनपुर गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में उनकी तैनाती रामपुर में थी और वह एसपी पेशी में ड्यूटी कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक, सीओ सिटी और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसोदिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली। मामले की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अरुण शुक्ला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। परिजनों के आने का इंतजार पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को फोन पर दे दी है। परिजन शाहजहांपुर से रामपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
रामपुर में सिपाही का शव फंदे पर मिला:किराए के मकान में अकेले रहते थे, पुलिस जांच में जुटी