व्यापारियों ने शराब की दुकान हटाने की मांग की:प्रयागराज व्यापार बंधु बैठक में अतिक्रमण, जाम पर भी चर्चा


प्रयागराज के संगम सभागार में गुरुवार को एडीएम सिटी सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने शहर में अतिक्रमण, जाम और बिजली से जुड़ी गंभीर समस्याएं उठाईं। व्यापारियों ने मुंडेरा चुंगी स्थित ठंडी बियर और अंग्रेजी शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। इस पर एडीएम ने जिला आबकारी अधिकारी को मामले का पुनः सत्यापन कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। ओल्ड बैरहना में पंकज की दुकान के पास विद्युत ट्रांसफार्मर से बार-बार होने वाले शॉर्ट सर्किट और आवागमन में बाधा की शिकायत पर कार्रवाई की गई। विद्युत नोडल अधिकारी को तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कई मोहल्लों में जर्जर और लटकते तारों को ठीक करने को कहा गया। सहसों बाजार में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को मौके का मुआयना करने के निर्देश दिए गए। वहीं, सिविल लाइंस क्षेत्र में लगने वाले जाम, पार्किंग व्यवस्था और दुकानों के सामने के अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला व्यापार बंधु समिति के सदस्य नटवर लाल भारती, जीएसटी विभाग के अधिकारी और विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *