![]()
कानपुर के जाजमऊ में सड़क धंसने से बने 18 फीट गहरे गड्ढे को लेकर गुरुवार को सियासत गरमा गई। कैंट विधानसभा से सपा विधायक हसन रूमी दोपहर करीब 12:45 बजे मौके पर पहुंचे और सीढ़ी के सहारे खुद गड्ढे में उतरकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक के गड्ढे में उतरते ही मौके पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जुट गए। यह गड्ढा जाजमऊ के सरैया चौराहे पर जलकल की लाइन में लीकेज के कारण बना है। मंगलवार और बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जाजमऊ से सर्किट हाउस जाने वाली वीआईपी सड़क पर अचानक यह बड़ा गड्ढा हो गया था, जो करीब 5 मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा है। इस घटना ने सड़क की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि गड्ढे में एक बुजुर्ग और एक बच्चा भी गिर चुका है। हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर आवागमन को सुरक्षित किया है। गुरुवार को विधायक हसन रूमी ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सीढ़ी मंगवाकर गड्ढे के अंदर उतरकर उसकी गहराई और स्थिति का जायजा लिया। विधायक के गड्ढे में उतरने की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। विधायक हसन रूमी ने इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क निर्माण और देखरेख के लिए जिम्मेदार विभागों की निगरानी कहां थी। उन्होंने मामले की जांच और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों व कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई की मांग की। विधायक के साथ मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने भी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने गड्ढे का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Source link
सपा विधायक हसन रूमी 18 फीट गहरे गड्ढे में उतरे:बोले- जिम्मेदारों की खुलनी चाहिए पोल, बारिश के बाद भी धरने पर बैठे