उन्नाव में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही को लेकर DM सख्त:बोले- सभी डॉक्टर समय पर अस्पताल पहुंचें, पूरी OPD करें


उन्नाव में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक गुरुवार को विकास भवन सभागार में डीएम घनश्याम मीना की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले किसी भी चिकित्सक या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी डॉक्टरों को समय पर अस्पताल पहुंचने और निर्धारित समय तक मौजूद रहकर मरीजों को उचित उपचार देने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन, संचारी रोग नियंत्रण, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड और आशा-संगिनी के भुगतान सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने हाई रिस्क वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान करने और उनकी समय पर ब्लड, ब्लड प्रेशर, वजन तथा हीमोग्लोबिन की जांच कराने के निर्देश दिए। उनके उपचार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। डीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रसव स्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने पर जोर दिया और निजी संस्थानों में होने वाले प्रसवों की गहन जांच के आदेश दिए। कम वजन वाले नवजात बच्चों की बेहतर देखभाल और उनकी आवश्यक जांच समय पर कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए प्रभावी निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर बल दिया। टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़ाने के लिए भी निर्देश दिए गए। कहा कि नोडल अधिकारी ग्राम पंचायतों को गोद लेकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर टीबी मुक्त बनाएं। उन्होंने अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त करने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया। डीएम ने आयुष्मान योजना के तहत पात्र व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड बनाने में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *