सिद्धार्थनगर में दो पक्षों में मारपीट, दोनों पर FIR:एक तरफा कार्रवाई पर उठे थे सवाल, दुकान के सामने ठेला लगाने को लेकर हुआ था विवाद


इटवा कस्बे में ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद में पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवालों के बाद अब उसका रुख बदल गया है। पहले एक पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन एकतरफा कार्रवाई पर सवाल उठाए जाने के बाद दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इससे यह मामला अब पूरी तरह दोतरफा मुकदमे में बदल गया है। यह पूरा मामला 25 अगस्त की शाम करीब 5 बजे इटवा कस्बे के बढ़नी रोड का है। दुकान के सामने ठेला लगाने को लेकर गोविंद सोनी पक्ष और इसरार अहमद पक्ष के बीच विवाद शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कुछ लोगों को थाने ले गई थी। इस दौरान हुई मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आपस में झगड़ते दिख रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की शुरुआती एकतरफा कार्रवाई पर सवाल और गंभीर हो गए थे। हालांकि, वीडियो में दिख रहे पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती कार्रवाई में गोविंद सोनी की तहरीर पर इसरार अहमद, इमरान, रियाज और निहाल चौधरी सहित 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में गोविंद और उनके बेटों आकाश व अनुराग के साथ मारपीट, गाली-गलौज और चेन छीनने का आरोप लगाया गया था। दैनिक भास्कर ने इस मामले में ‘मारपीट दोनों तरफ से हुई तो मुकदमा एक पक्ष पर ही क्यों?’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसके करीब 17 घंटे बाद दूसरे पक्ष के इसरार अहमद की तहरीर पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *