कानपुर में 84 मिमी बारिश से सड़कें तालाब बनीं:18 फीट गहरे गड्‌ढे में समाई रोड, ट्रेन की पटरियां डूबीं; पेड़ के नीचे दबीं 7 गाड़ियां


कानपुर में मंगलवार देर रात से शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक जारी रही। शहर में 84.1 मिमी बरसात से सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम और नाला सफाई की व्यवस्था की भी पोल खोल दी। काकादेव, सर्वोदय नगर, साकेत नगर, गोविंद नगर और पीरोड समेत कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। ई-रिक्शा और ऑटो पानी में खराब हो गए, दुकानदारों को खुद दुकानों के सामने जमा पानी निकालना पड़ा। जलभराव के बाद कई प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश का असर सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहा। जाजमऊ की वीआईपी रोड पर सड़क का बड़ा हिस्सा धंसकर करीब 18 फीट गहरे गड्ढे में बदल गया, जबकि कानपुर सेंट्रल स्टेशन की पटरियों पर भी पानी भर गया। स्वरूप नगर में पेड़ गिरने से दो कारें और पांच बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। बारिश थमने के बाद भी शहर को जलभराव, जाम और टूटी सड़कों की समस्या से राहत नहीं मिली। गड्‌ढे वाली सड़क में भरा पानी बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम और नाला सफाई की व्यवस्था की भी पोल खोल दी। काकादेव में कुलवंती अस्पताल वाली सड़क पर गड्ढों में पानी भरने से वाहन सवार परेशान रहे। देवकी चौराहे से रावतपुर क्रॉसिंग जाने वाली सड़क पर भी भीषण जलभराव रहा। आरटीओ रोड तालाब बनी, ई-रिक्शा खराब सर्वोदय नगर की आरटीओ वाली सड़क पर सबसे ज्यादा जलभराव देखने को मिला। आरटीओ से अपर श्रमायुक्त कार्यालय तक दोनों ओर सड़क पानी से लबालब रही। सड़क का नजारा तालाब जैसा दिखा। स्वराज्य आश्रम के सामने पानी में ई-रिक्शा खराब हो गया। बच्चों ने धक्का देकर उसे सड़क किनारे पहुंचाया। अपर श्रमायुक्त कार्यालय व सीजीएसटी आफिस के भीतर तक पानी भरा रहा। चावला चौराहे से पराग डेरी तक जाम साकेत नगर और गोविंद नगर में भी जलभराव से लोग परेशान रहे। साकेत नगर में पानी भरने से एक आटो खराब हो गया। बारिश थमने के बाद चावला मार्केट चौराहे से पराग डेयरी तक जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर जाम खुलवाया। पीरोड में दुकानदार खुद पानी निकालते दिखे पीरोड में लेनिन पार्क के पास सड़क पर पानी भरने से लोग परेशान रहे। दुकानदारों ने झाड़ू लेकर फुटपाथ से पानी निकालने की कोशिश की। पीरोड सीसामऊ बाजार में सीमेंट लदे लोडर का पहिया सड़क में धंस गया। काफी मशक्कत के बाद लोडर को बाहर निकाला गया। 18 फीट गड्ढे में समाई सड़क, वाटरफॉल जैसा नजारा जाजमऊ की वीआईपी रोड पर बारिश के बीच सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। करीब 18 फीट गहरे गड्ढे में आसपास का पानी तेजी से जाने लगा। इससे मौके पर वाटरफॉल जैसा नजारा बन गया। प्रशासन ने तत्काल सड़क को बंद करा दिया। इसके अलावा छबीलेपुरवा बिजली सब स्टेशन में भी पानी भर गया। सेंट्रल स्टेशन की पटरियां भी पानी में डूबीं कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की पटरियों पर भी पानी भर गया। सिटी साइड और कैंट साइड में जलभराव के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। निर्माण कार्य चलने से सिटी साइड में आवाजाही और मुश्किल हो गई। पेड़ गिरने से दो कारें और पांच बाइकें क्षतिग्रस्त बारिश थमने के बाद स्वरूप नगर में द चाट चौराहे से कानपुर विद्या मंदिर जाने वाली सड़क पर पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से दो कारें और पांच बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़क के बीच पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा। बारिश ने कुछ घंटों में ही शहर की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने ला दी। जलभराव, धंसी सड़क और गिरे पेड़ों के कारण लोगों को बारिश थमने के बाद भी घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *