![]()
गाजियाबाद में खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को भोजपुर के कलछिना गांव में मिलावटी खोवा बनाने के ठिकाने पर छापा मारा। टीम ने मौके से 160 किलो मिलावटी खोवा बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। यहां खोवा तैयार करने में विभिन्न रसायनों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य मेरठ मंडल विनीत कुमार यादव और सहायक आयुक्त-2 सुरेश मिश्र के नेतृत्व में मंडलीय और गाजियाबाद की संयुक्त टीम ने पुलिस के साथ कार्रवाई की। टीम ने भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछिना गांव में कारोबारी यामीन के परिसर पर रात के समय छापा मारा। अधिकारियों के मुताबिक, परिसर में मिलावटी खोवा तैयार किया जा रहा था। स्किम्ड मिल्क पाउडर, फॉर्मेलिन और सिंथेटिक कलर मिला छापेमारी के दौरान टीम को पांच बोरी स्किम्ड मिल्क पाउडर, सिंथेटिक कलर, फॉर्मेलिन, सोडियम बाई कार्बोनेट और 15-15 लीटर क्षमता वाले वनस्पति फैट के 17 टिन मिले। इसके अलावा 160 किलो तैयार खोवा बरामद किया गया। टीम ने खाद्य पदार्थों की जांच के लिए कुल 9 नमूने भी लिए हैं। बरामद खोए को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। भट्ठियां और उपकरण पुलिस को सौंपे कार्रवाई के दौरान पांच भट्ठियां, दो बड़ी कड़ाही, बड़े भगोने, खाली टिन कंटेनर और अन्य उपकरण भी मिले। खाद्य विभाग ने इन सामान को भोजपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। खाद्य विभाग के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से लोनी, भोजपुर, विजयनगर और नंदग्राम समेत जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। बड़ी मात्रा में संदिग्ध और मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई है। लोनी से विजयनगर तक चल रहा अभियान अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले भी एक फैक्ट्री पर कार्रवाई कर रसगुल्लों से भरे ड्रम और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई थी। त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय, आरपी गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन सिंह, देवांश चतुर्वेदी, विनीता, सत्येंद्र तोमर, नरेंद्र सिंह और दर्पण कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
Source link
गाजियाबाद में 160 किलो मिलावटी खोया पकड़ा:17 टिन वनस्पति फैट और स्किम्ड मिल्क पाउडर भी मिला, नष्ट कराया