मथुरा में GRP हेड कांस्टेबल ने यात्री की बचाई जान:चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, 20 मीटर तक घिसटा था


मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे यात्री का अचानक पैर फिसल गया। वह ट्रेन के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। यात्री को ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने से पहले ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार ने दौड़कर पकड़ लिया और खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो बुधवार देर शाम सामने आया है। इसमें हेड कांस्टेबल यात्री को बचाने के लिए चलती ट्रेन के पीछे दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसला पैर घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-9 की है। ट्रेन संख्या 5045/5046 लालकुआं-राजकोट स्पेशल रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के साथ घिसटने लगा। यात्री को गिरते देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दो यात्रियों ने भी उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। ट्रेन की रफ्तार के साथ दौड़े हेड कांस्टेबल यात्री की जान खतरे में देख ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार तुरंत ट्रेन के पीछे दौड़े। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए यात्री को पकड़ लिया और पूरी ताकत से ट्रेन से दूर खींच लिया। समय रहते यात्री को सुरक्षित निकाल लेने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आने से बच गया। हादसे में उसकी जान बच गई। CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम मथुरा जंक्शन पर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। बुधवार देर शाम करीब 8 बजे इसका वीडियो सामने आया। वीडियो में हेड कांस्टेबल सुरजीत कुमार यात्री को बचाने के लिए ट्रेन के पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने जीआरपी कर्मी के साहस की सराहना की। जीआरपी थाना मथुरा जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना मंगलवार देर रात की है। हेड कांस्टेबल की तत्परता से यात्री की जान बच गई। उन्होंने बताया कि मामले का CCTV वीडियो सामने आया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *