आगरा में बारावफात पर नवी शाह दरगाह पर उमड़े जायरीन:जुलूस ए मोहम्मदी हुई पुष्प वर्षा, सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात


आगरा में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी यानी बारावफात धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले जा रहे हैं। सबसे बड़ा जुलूस बोदला स्थित हजरत मोहम्मद नवी शाह की दरगाह पर पहुंचता है। यहां हजारों जायरीन पहुंचे हैं।
क़ादरी शफीकी मोहम्मद आमिर ने बताया-आज का दिन पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब जन्मदिन के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय घरों में रोशनी करते हैं, मस्जिदों में पैगंबर के बताए रास्तों पर चलने का पैगाम दिया जाता है, लंगर बांटा जाता है और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी जाती है। बोदला में जिस दरगाह को नवी शाह बाबा कहा जाता है, उनका असली नाम हजरत ख्वाजा उस्मान रहमतुल्लाह अलैह है। मान्यता है कि बादशाह जहांगीर ने उनका मकबरा बनवाया और उनके सीने पर कदम-ए-रसूल (पैगंबर के कदमों के निशान) रखवाए। तभी से इन्हें नबी शाह बाबा कहा जाता है। यहां उर्स और बारावफात पर जायरीन खादिमों के जरिए कदम रसूल का दूध से गुस्ल कराते हैं। मान्यता है कि दूध की कुछ बूंदें सीधे मजार के सीने मुबारक पर गिरती हैं। इस दौरान चादर चढ़ाई जाती है, मेला लगता है और जायरीन मन्नतें मांगते हैं। शहर में जुलूस के कारण ट्रैफिक डायवर्जन
जुलूस को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 8 बजे से रूट डायवर्जन लागू किया है। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि जिन रास्तों पर बदलाव है, वहां पुलिसकर्मी तैनात कर यातायात सुचारू कराया जा रहा है। मारुति एस्टेट, अवधपुरी तिराहा, सिकंदरा और लोहामंडी से बोदला की ओर भारी वाहनों की एंट्री बंद है। मदिया कटरा, सेंट जॉन्स, कोठी मीना बाजार से लोहामंडी की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा। मथुरा-फिरोजाबाद का ट्रैफिक NH-19 से, फतेहाबाद रोड का ट्रैफिक इनर रिंग रोड से निकाला जा रहा है। जुलूस समाप्त होने तक व्यवस्था लागू रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *