सहारनपुर में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट:संतान न होने पर ससुराल वालों ने दी जान से मारने की धमकी


सहारनपुर में एक विवाहिता ने पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए मारपीट करने और संतान न होने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बुधवार सुबह सात बजेबमहिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता नफीसा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार पंजराना खेड़ा, बेहट रोड निवासी दिलशाद से हुई थी। शादी में मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज का सामान, चांदी और सोने के आभूषण तथा नकदी दी थी। शादी के बाद लगभग चार महीने पहले तक उनका दांपत्य जीवन सामान्य था। नफीसा के अनुसार, उन्हें कोई संतान नहीं है। इसी बात को लेकर पति दिलशाद के भाई सलीम और उसकी पत्नी संजीदा कथित तौर पर दिलशाद को उकसाते थे। वे पति से कहते थे कि नफीसा से उसे कभी संतान नहीं होगी। इसके बाद पति भी उनके बहकावे में आकर नफीसा के साथ मारपीट करने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि पति, देवर और देवरानी मिलकर उसके साथ कई बार मारपीट कर चुके हैं। इतना ही नहीं, कई बार उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई। लगभग चार महीने पहले वह किसी तरह ससुराल वालों के चंगुल से निकलकर सहारनपुर शहर में वर्धमान कॉलोनी स्थित एक परिचित के यहां रहने लगी। पीड़िता ने बताया कि अब वह घरों में बर्तन साफ कर मेहनत-मजदूरी करके अपना गुजारा कर रही है। उसने आरोप लगाया कि पति ने उसे वापस लेने, खर्च देने या कपड़ों आदि के लिए आज तक कोई संपर्क नहीं किया। इसके विपरीत, वह परिचित लोगों के माध्यम से उसे धमकियां दिलाता रहता है। महिला के मुताबिक, उसे धमकी दी गई है कि यदि वह कहीं फंस गई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा, पति से खाना-खर्चा और कपड़े दिलाने की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति दिलशाद, देवर सलीम और देवरानी संजीदा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *