![]()
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में राष्ट्रीय सचिव का पद मिलने के बाद बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह का सियासी कद बढ़ गया है। हालांकि, जिले और क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं को उनका यह बढ़ता कद रास नहीं आ रहा है। संगठन में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद आयोजित स्वागत कार्यक्रमों से पार्टी के कई दिग्गज चेहरों और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की दूरी चर्चा का विषय बनी हुई है। राजनीतिक गलियारों में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के पुत्र और पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ की खामोशी सबसे अधिक चर्चा में है। राजू भैया की ओर से अब तक कोई औपचारिक बधाई न आने के कारण जिले के कई वरिष्ठ नेता भी खुलकर शुभकामनाएं देने से बचते दिख रहे हैं। बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांच विधायकों में से चार स्वागत कार्यक्रमों से पूरी तरह नदारद रहे। इसके अतिरिक्त, पड़ोसी लोकसभा क्षेत्रों के दिग्गज सांसद और राज्यसभा सदस्यों ने भी इन आयोजनों से दूरी बनाए रखी। स्वागत समारोह से दूर रहने वाले प्रमुख चेहरों में सांसद व पूर्व मंत्री डॉ. महेश शर्मा (सांसद, गौतमबुद्ध नगर), सुरेंद्र नागर (राज्यसभा सांसद) और राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ (पूर्व सांसद) शामिल थे। क्षेत्रीय विधायकों में संजय शर्मा (अनूपशहर), प्रदीप चौधरी (बुलंदशहर), देवेंद्र लोधी (स्याना) और चंद्रपाल लोधी (डिबाई) भी अनुपस्थित रहे। वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों में डॉ. चंद्रमोहन (पूर्व प्रदेश मंत्री), अमित वाल्मीकि (पूर्व प्रदेश मंत्री), अंकुश शर्मा (प्रदेश मंत्री), हिमांशु मित्तल (पूर्व जिलाध्यक्ष) और धूलीचंद सैनी (पूर्व जिलाध्यक्ष) भी कार्यक्रम में नहीं दिखे। दिग्गज जनप्रतिनिधियों के अलावा, जिले के कई चेयरमैन, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों के प्रभावशाली लोग भी बधाई देने से पीछे हटते नजर आए। पार्टी के भीतर मजबूत सामाजिक पकड़ रखने वाले पुराने कार्यकर्ताओं और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से दावेदारी कर रहे सक्रिय नेताओं की गैरमौजूदगी ने आंतरिक गुटबाजी को उजागर कर दिया है। संगठन के भीतर चल रही यह खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है, जिससे बुलंदशहर भाजपा में नए सियासी समीकरण बनने के संकेत मिल रहे हैं।
Source link
सांसद भोला सिंह के स्वागत से दूर रहे दिग्गज:राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद पहली बार बुलंदशहर आए थे, पूर्व सांसद राजवीर ने भी नहीं दी बधाई