![]()
भास्कर न्यूज |फतेहपुर फतेहपुर से सटे मसलिया के झिलवा गांव एवं आसपास के गांवों से मंगलवार को करीब 40 श्रद्धालुओं का जत्था धार्मिक उत्साह के साथ झीलेश्वर बाबा मंदिर पहुंचा। श्रद्धालुओं ने 12 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध नूनबिल नदी से कलश में पवित्र जल भरकर झीलेश्वर बाबा का जलाभिषेक किया। इस दौरान पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश में जल भरा। इसके बाद सभी श्रद्धालु नंगे पांव करीब 12 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए झीलेश्वर बाबा मंदिर पहुंचे। रास्ते भर श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते रहे। डीजे एवं अन्य वाद्य यंत्रों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। झीलेश्वर बाबा मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन के पावन अवसर पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने की परंपरा के तहत वे हर वर्ष नूनबिल नदी से जल लेकर पैदल मंदिर पहुंचते हैं। धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ पूरी यात्रा संपन्न होने पर श्रद्धालुओं में काफी खुशी देखी गई।
Source link
नूनबिल नदी से जल लेकर श्रद्धालुओं ने किया झीलेश्वर बाबा का जलाभिषेक