![]()
गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में रक्षाबंधन पर्व पर सफाई मित्र बहनों और स्कूली छात्राओं ने नगर आयुक्त को राखी बांधी। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर का संदेश दिया। छात्राओं ने तिलक लगाकर नगर आयुक्त की कलाई पर घर पर बनी राखियां बांधीं और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। नगर आयुक्त ने सभी को मिठाई और चॉकलेट खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और पुरस्कार भी भेंट किए। इस कार्यक्रम में कन्या वैदिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल और गाजियाबाद नगर निगम के चंद्रपुरी स्कूल की छात्राएं शामिल हुईं। छात्राओं और सफाई मित्र बहनों ने ‘वेस्ट से बेस्ट’ और ‘रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल’ (ट्रिपल आर) का संदेश देते हुए घर पर तैयार की गई राखियां नगर आयुक्त को बांधीं। उन्होंने लोगों को कचरे का कम से कम उपयोग करने, उपयोगी वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल करने और कचरे को अलग-अलग कर पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। राखी बांधकर सम्मान दिए जाने पर नगर आयुक्त ने सफाई मित्र बहनों और छात्राओं का धन्यवाद किया। उन्होंने छात्राओं द्वारा स्वच्छता के प्रति किए जा रहे जागरूकता और प्रेरणा कार्यों की सराहना की। नगर आयुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन पर बांधी गई यह राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गाजियाबाद के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का बंधन है। नगर आयुक्त ने आगे कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और कचरे के उचित निस्तारण के साथ ‘ट्रिपल आर’ (रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल) को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। इस कार्यक्रम में नगर निगम के अन्य अधिकारियों ने भी सफाई मित्र बहनों और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
Source link
सफाई मित्र बहनों ने नगर आयुक्त को राखी बांधी:गाजियाबाद में छात्राओं संग स्वच्छता और ट्रिपल आर का संदेश दिया