![]()
बांदा के गुजैनी गांव में मंगलवार शाम एक खेत से लौटते समय उफनाए नाले को पार करते हुए एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान कोमल यादव (28 वर्ष), सियादुलारी यादव (52 वर्ष) और कुसुमरानी यादव (36 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों सुबह नाला पार कर अपने खेत पर काम करने गए थे। दिन भर खेत में काम करने के बाद वे शाम को घर लौट रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे गांव से सटा नाला अचानक उफान पर आ गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों नाला पार करते समय बह गए और गहरे पानी में डूब गए। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। नाले के पास घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और क्षेत्रीय विधायक को सूचित किया। सूचना मिलते ही बबेरु क्षेत्र के विधायक विशम्भर सिंह यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से तीनों शवों को नाले से बाहर निकलवाया। विधायक ने मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि यह एक दुखद घटना है और पीड़ित परिवार को सरकार से आर्थिक सहायता दिलाने के साथ-साथ निजी तौर पर भी मदद की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मृतकों के परिवार को आपदा राहत के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Source link
गुजैनी में नाला पार करते तीन की डूबकर मौत:बांदा में एक ही परिवार के सदस्य थे, शव को बाहर निकाला