सुल्तानपुर में रिकॉर्ड बारिश, निराला नगर वार्ड बना तालाब:भदैया में पेड़ गिरने से 10 गांवों में बिजली गुल, 30 अगस्त तक बारिश का अलर्ट


सुल्तानपुर में सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक लगातार बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में 107.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे शहरी क्षेत्र के कई वार्डों में जलभराव हो गया। निराला नगर वार्ड की सड़कें तालाब जैसी दिख रही हैं। खैराबाद मोहल्ला, दरियापुर, घरहां, डिहवा और पलटन बाजार जैसे अन्य मोहल्लों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ब्लॉक भदैया के लोलेपुर उपकेंद्र के तहत पखरौली में एक आम का पेड़ बिजली की मेन लाइन पर गिर गया। इससे दस गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। धरौली में भी एक खेत में बिजली का तार टूटकर गिरा है। भदैयां के उच्च प्राथमिक विद्यालय बालमपुर में छात्रों का पहुंचना मुश्किल हो गया है। पूरनपुर गांव से विद्यालय को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग जलभराव और बड़े गड्ढों के कारण तालाब में बदल गया है। इस रास्ते पर छात्र-छात्राएं अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिसके चलते अधिकांश नामांकित बच्चों ने विद्यालय आना बंद कर दिया है। धनपतगंज थाना क्षेत्र के नौगवांतीर गांव में जयप्रकाश सिंह के मकान का एक हिस्सा बारिश के कारण ढह गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कूरेभार क्षेत्र में मंगलवार सुबह से तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। यह बारिश धान की फसल के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन सब्जी उत्पादक किसानों को इससे नुकसान होने की आशंका है। इसके अलावा कादीपुर में भी रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिले में 30 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। अखंडनगर क्षेत्र में भी रात 1 बजे से भारी बारिश हो रही है। संसारपुर के किसान मटरू ने बताया कि तालाब और नाले पूरी तरह भर चुके हैं, जिससे फसलों और कच्चे मकानों को नुकसान होने की आशंका है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *