![]()
बहराइच में शनिवार देर रात बिजली कटौती से नाराज हनुमानपुरी कॉलोनी के लोगों ने रेलवे स्टेशन रोड पर जाम लगा दिया। लगातार बिजली की आवाजाही, लंबे समय तक आपूर्ति ठप रहने और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के कारण रेलवे स्टेशन, रामघाट रोड और डिगिहा तिराहा जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि हनुमानपुरी कॉलोनी में आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इसके अलावा लो वोल्टेज की समस्या के कारण घरेलू उपकरण भी ठीक से नहीं चल पाते हैं। शनिवार देर रात तक बिजली नहीं आने पर लोगों का धैर्य जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आए। जाम की सूचना मिलते ही दरगाह थाना प्रभारी अमितेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। पुलिस के समझाने के करीब दो घंटे बाद लोगों ने जाम हटा दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
Source link
बिजली कटौती से नाराज लोगों ने जाम लगाया:बहराइच के स्टेशन रोड पर जुटे, दो घंटे बाद जाम हटा