![]()
कानपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही कटरी क्षेत्र के गांवों में मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। शनिवार सुबह लोधवाखेड़ा ग्राम पंचायत के बच्चों को नाव से नदी पार कर स्कूल जाने से पुलिस ने रोक दिया। बच्चों को रोके जाने की सूचना पर नदी किनारे ग्रामीण और स्कूल ड्रेस में बच्चे जुट गए। विरोध की स्थिति बनने पर ग्राम प्रधान रवि निषाद भी मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान ने पुलिस अधिकारियों से की बात पुलिस का कहना था कि गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, ऐसे में बच्चों का नाव से नदी पार करना जोखिम भरा हो सकता है। बच्चों को स्कूल जाने से रोके जाने की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद बच्चों को लाइफ जैकेट पहनाकर मोटरबोट के जरिए सुरक्षित स्कूल भेजने की व्यवस्था की गई। पांच गांवों के बच्चे नाव से पहुंचते हैं शहर लोधवाखेड़ा ग्राम पंचायत के मजरा देवनीपुरवा, चैनपुरवा, धारमखेड़ा, पहाड़ीपुर और छोटा मंगलपुर के करीब 30-35 बच्चे बेहतर शिक्षा के लिए रोज नाव के सहारे गंगा पार कर शहर आते हैं। बच्चे परमट और बाबा घाट पर उतरकर शहरी क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ाई करते हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने पर इन बच्चों की स्कूल तक पहुंच प्रभावित होने लगी है। ग्रामीण बोले- दो से तीन महीने की हो स्थायी व्यवस्था गांव के रहने वाले सर्वेश का कहना है कि गंगा का जलस्तर अभी और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अगले दो से तीन महीने तक बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई जारी रखने के लिए कोई स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बच्चों के लिए सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से कराई जाए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित न हो। प्रशासन स्थायी व उचित व्यवस्था करे ग्राम प्रधान रवि निषाद ने बताया कि मेरे ग्राम पंचायत से लगभग 30-35 बच्चे रोज गंगा पार करके स्कूल पढ़ने जाते हैं। आज बच्चों को पुलिस ने नाव से स्कूल जाने से रोका। सूचना पर मैं पहुंचा और बातचीत हुई तो लाइफ जैकेट पहनाकर बच्चों को भेजा गया है। पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए। चेतावनी बिंदु के करीब गंगा गंगा का जलस्तर भी बीते कई दिनों से बढ़ रहा है। शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.29 मीटर रहा जो कि खतरे के निशान से 71 सेमी दूर है। इस स्थान पर चेतावनी बिंदु 113 मीटर व खतरे का निशान 114 मीटर है। घाटों पर लोगों के नहाने व बोटिंग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
Source link
कटरी में नाव से स्कूल जा रहे बच्चों को रोका:ग्रामीण जुटे तो लाइफ जैकेट पहनाकर मोटरबोट से भेजा, गंगा का पानी बढ़ रहा