हापुड़ में बैंक शटर से कार दो बार टकराई:चालक फरार, घटना सीसीटीवी में हुई कैद


हापुड़ में सिटी कोतवाली इलाके के दिल्ली रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के शटर में शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार टाटा पंच कार ने दो बार टक्कर मारी। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। यह पूरी वारदात बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बैंक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रातभर पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे हुई। टाटा पंच कार बैंक के सामने पहुंची और अचानक अनियंत्रित होकर शटर से टकरा गई। पहली टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और चालक ने दोबारा शटर में टक्कर मारी। इन दो लगातार टक्करों से बैंक का शटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद चालक कार लेकर मौके से भाग गया। कुछ देर बाद राहगीरों ने डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बैंक के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हो रही जांच बताया गया कि रात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं रहता है, और सुरक्षा व्यवस्था ई-सर्विलांस के माध्यम से संचालित होती है। सुबह लगभग 10 बजे बैंक स्टाफ और मैनेजर के पहुंचने पर उन्होंने क्षतिग्रस्त शटर देखा और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद एसएसवी चौकी प्रभारी सौरभ कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें कार के दो बार शटर से टकराने की घटना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। पुलिस अब कार का रजिस्ट्रेशन नंबर पता लगाने और चालक के भागने की दिशा में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *