सीतापुर में घर में घुसकर बेटे-बेटी और मां को पीटा:मामूली विवाद में मारपीट, तीनों की हालत गंभीर; जांच जारी


सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में बुधवार शाम दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है, जहां घर में घुसकर मां-बेटे और बेटी को बेरहमी से पीट दिया गया। मारपीट की इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राधारानी अपने घर पर थीं, इसी दौरान बेटे से हुए मामूली विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोग अचानक घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हमले में राधारानी के साथ उनके पुत्र पंकज और बेटी रूबी भी बुरी तरह घायल हो गए। हमलावरों ने तीनों को बेरहमी से पीटा, जिससे घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पंकज की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। राधारानी और रूबी को भी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। पीड़िता राधारानी ने गांव के ही अनिल, निर्मल, रामपाल सहित करीब आधा दर्जन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में गांव के पूर्व प्रधान मुंशी का नाम भी शामिल है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही तालगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *